हिसार : आर्थिक अपराधों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें अधिकारी : पुलिस अधीक्षक

 


हिसार, 05 जून (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने निर्देश दिए हैं कि

वर्तमान समय में साइबर ठगी, निवेश के नाम पर धोखाधड़ी, ऑनलाइन फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी,

अमानत में खयानत एवं अन्य आर्थिक अपराधों के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।

ऐसे अपराध न केवल पीड़ित व्यक्तियों को आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं बल्कि समाज में

असुरक्षा की भावना भी उत्पन्न करते हैं। इसलिए इन मामलों की जांच को सर्वोच्च प्राथमिकता

देते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन शक्रवार काे कार्यालय में आर्थिक अपराधोें पर आयोजित समीक्षा

बैठक ले रहे थे। उन्होंने इकनोमिक सेल विंग से संबंधित मामलों की समीक्षा कर आर्थिक

अपराधों के मामलों में जांच एवं कार्रवाई की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में

संबंधित अधिकारियों से लंबित एवं विचाराधीन मामलों की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश

जारी किए गए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आर्थिक अपराधों से जुड़े मामलों

में साक्ष्यों का वैज्ञानिक तरीके से संकलन किया जाए तथा आरोपियों तक पहुंचने के लिए

तकनीकी एवं वित्तीय जांच के सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए। उन्होंने

कहा कि आर्थिक अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को कानून के शिकंजे से बचने नहीं दिया

जाएगा तथा आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण, जांच की गुणवत्ता में सुधार

तथा पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने पर विशेष बल देते हुए कहा कि आर्थिक अपराधों पर

प्रभावी अंकुश लगाना जिला पुलिस की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों

को निर्देशित किया कि प्रत्येक मामले की नियमित मॉनिटरिंग कर जांच को निर्धारित समय

सीमा में पूरा किया जाए।

पुलिस

अधीक्षक ने कहा कि जिला पुलिस आर्थिक अपराधों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते

हुए आमजन के धन और विश्वास की सुरक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही

है।

बैठक में आर्थिक अपराधों की रोकथाम, अपराधियों की पहचान एवं

गिरफ्तारी तथा पीड़ितों के हितों की सुरक्षा को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।

---

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर