हिसार : हकृवि कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज सहित अन्य अधिकारी पैदल पहुंचे कार्यालय

 


हिसार, 19 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र

मोदी द्वारा ईंधन की बचत तथा ऊर्जा संरक्षण को लेकर की गई अपील के उपरांत हरियाणा कृषि

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज सहित विश्वविद्यालय के अनेक अधिकारियों

ने मंगलवार को अपने आवास से कार्यालय तक पैदल पहुंचकर ईंधन बचत एवं पर्यावरण संरक्षण

का संदेश दिया।

प्रो. बीआर कम्बोज ने शिक्षकों, गैर शिक्षक कर्मचारियों

और विद्यार्थियों से आह्वान करते हुए कहा कि वे ईंधन की बचत करने के लिए आगे आएं और

वाहनों के स्थान पर साइकिल और पैदल चलने को प्राथमिकता दें। इसके तहत उन्होंने सार्वजनिक

परिवहन के वाहनों का उपयोग करने पर जोर दिया है। वर्तमान समय में ऊर्जा संरक्षण और

पर्यावरण संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। अधिकारियों द्वारा पैदल कार्यालय पहुंचने

की यह पहल न केवल ईंधन की बचत करेगी, बल्कि आमजन को भी स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए

प्रेरित करेगी। कुलपति ने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर देशहित में बड़ा योगदान

दिया जा सकता है।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. पवन कुमार ने एक

पत्र जारी कर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पेट्रोल-डीजल वाहनों से बचने की सलाह

दी है। इसकी जगह इलेक्ट्रिक वाहनों, सार्वजनिक परिवहन या साइकिल को बढ़ावा देने को

कहा गया है। साथ ही, अधिकारियों को अधिकतम बैठकों का आयोजन ऑनलाइन अथवा हाइब्रिड माध्यम से

करने के लिए कहा गया है। विशेष रूप से प्रत्येक शुक्रवार को अधिकारियों एवं कर्मचारियों

से साइकिल अथवा पैदल विश्वविद्यालय आने का अनुरोध किया गया है, ताकि ईंधन की बचत के

साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी समाज तक पहुंचाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर