मेवात की बेटियों को हेल्थकेयर सेक्टर में मिलेगा रोजगार का अवसर
नूंह, 03 नवंबर (हि.स.)। मेवात की ग्रामीण बेटियों को कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार से जोड़ने की दिशा में न्यू गुरुकुल एजुकेशन सोसायटी ने महत्वपूर्ण पहल की है। सोसायटी की ओर से संचालित डीडीयू-जीकेवाई 2.0 योजना के तहत साेमवार काे नए प्रशिक्षण केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में भानीराम मंगला ने मुख्य अतिथि तथा एनआरएलएम विभाग से अब्दुल असरी और वसीम ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। अतिथियों ने रिबन काटकर प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राओं को वेलकम किट भी वितरित की गई।
संस्था के डायरेक्टर दिनेश खटाना ने बताया कि प्रशिक्षण केंद्र पर हेल्थकेयर सेक्टर के अंतर्गत जनरल ड्यूटी असिस्टेंट (जीडीए) के दो बैच शुरू किए गए हैं। योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की युवतियों को निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को रहने-खाने, अध्ययन सामग्री और अन्य जरूरी सुविधाएं भी निःशुल्क प्रदान की जाएंगी। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें अस्पतालों में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिलाने के साथ-साथ रोजगार के लिए प्लेसमेंट में भी सहयोग किया जाएगा।
मुख्य अतिथि भानीराम मंगला ने ग्रामीण विकास मंत्रालय एवं हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एचएसआरएलएम) की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के लिए आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर है। हेल्थकेयर क्षेत्र में प्रशिक्षण हासिल कर बेटियां आत्मनिर्भर बन सकती हैं और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।
विशिष्ट अतिथि अब्दुल असरी ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम मेवात की बेटियों के कौशल विकास और उन्हें रोजगार से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने छात्राओं से पूरी लगन और मेहनत के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने का आह्वान किया। इस मौके पर संस्था के सचिव करतार खटाना, सेंटर मैनेजर दीपक खटाना, ट्रेनर जितेंद्र, नादिया, प्रवीन, सविता, सुनीता, जिलसाना, रेश्मा और शिवम सहित संस्था का समस्त स्टाफ तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया