गो-तस्करी पर नूंह पुलिस ने पांच आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोली

 


नूंह, 10 जुलाई (हि.स.)। नूंह जिले में गो-तस्करी, गोकशी और संगठित अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नूंह पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने गो-तस्करी, गोकशी, लूटपाट और मारपीट जैसे गंभीर मामलों में संलिप्त पांच आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोल दी है। पुलिस का कहना है कि हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद इन आरोपियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी और समय-समय पर उन्हें संबंधित थाने में हाजिरी भी देनी होगी।

नूंह पुलिस ने शुक्रवार काे बताया कि थाना पिनगवां क्षेत्र के गांव शाह चौखा निवासी इब्राहिम उर्फ बुग्गर के खिलाफ पिनगवां, पुन्हाना और फरीदाबाद सहित विभिन्न थानों में गो-तस्करी से जुड़े छह मामले दर्ज हैं। वहीं थाना सदर नूंह क्षेत्र के गांव घासेड़ा निवासी अनीश उर्फ लाल के खिलाफ लूटपाट, मारपीट और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े चार मुकदमे गुरुग्राम, सोहना और नूंह में दर्ज हैं। उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने उसकी हिस्ट्रीशीट भी खोल दी है।

इसी क्रम में घासेड़ा निवासी तौफीक के खिलाफ नूंह, गुरुग्राम और उत्तर प्रदेश में लूटपाट, मारपीट तथा अन्य आपराधिक वारदातों से जुड़े पांच मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने उसकी हिस्ट्रीशीट भी खोलते हुए उस पर निगरानी बढ़ा दी है।

इसके अलावा थाना पिनगवां क्षेत्र के गांव खोरी शाह चौखा निवासी रफीक के खिलाफ गोकशी से जुड़े सात मामले दर्ज हैं। वहीं शाह चौखा निवासी शाकिर के खिलाफ भी पुन्हाना और पिनगवां क्षेत्र में गोकशी से संबंधित सात मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इन दोनों आरोपियों की हिस्ट्रीशीट भी पुलिस द्वारा खोल दी गई है।

नूंह पुलिस के द्वारा हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद सभी आरोपियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। यदि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि में शामिल पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नूंह के पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने कहा कि जिले में गो-तस्करी और गोकशी जैसे अपराध किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। एसपी ने कहा कि अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की विभिन्न टीमें लगातार सक्रिय हैं और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया