कैथल: न्यूड वीडियो ब्लैकमेल मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार
कैथल, 09 अक्टूबर (हि.स.)। फेसबुक और व्हाट्सऐप के माध्यम से न्यूड वीडियो कॉल के नाम पर ब्लैकमेल कर लाखों रुपये ऐंठने के मामले में थाना साइबर क्राइम पुलिस ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान के भरतपुर जिले के गांव सियू निवासी साहिल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी साइबर ठगों को सिम कार्ड उपलब्ध करवाता था, जिसका इस्तेमाल फर्जी फेसबुक आईडी बनाने में किया गया था। आरोपी से पूछताछ के लिए न्यायालय से दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
पुलिस के अनुसार, कैथल के सेक्टर-18 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि छह 6 जुलाई की रात उसके फेसबुक अकाउंट पर 'पिंकी शर्मा' नाम की लड़की की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। जानकार समझकर उसने रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली। इसके बाद मैसेंजर पर बातचीत शुरू हुई और लड़की ने उससे व्हाट्सऐप नंबर मांग लिया। शिकायतकर्ता के अनुसार, नंबर देने के कुछ समय बाद उसके मोबाइल पर वीडियो कॉल आई। कॉल उठाने पर स्क्रीन पर एक न्यूड लड़की दिखाई दी, जो उसे भी कपड़े उतारने के लिए दबाव बनाने लगी। उसने तुरंत कॉल काट दी और डर के कारण चैट व नंबर डिलीट कर दिया।
यूट्यूब और सीबीआई अधिकारी बनकर मांगे पैसे
अगले दिन शिकायतकर्ता के मोबाइल पर अलग-अलग नंबरों से धमकी भरे संदेश आने लगे। उसे कहा गया कि उसकी कथित अश्लील वीडियो वायरल होने वाली है। इसके बाद एक व्यक्ति ने खुद को यूट्यूब अधिकारी संजय सिंह बताते हुए दावा किया कि वीडियो यूट्यूब पर अपलोड हो चुकी है और उसे रोकने के लिए पैसे देने होंगे। कुछ समय बाद एक अन्य व्यक्ति ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर संपर्क किया। उसने कहा कि वीडियो वायरल होने से रोकने के लिए फाइल संभाल ली गई है, लेकिन उसे क्लियर करवाने के लिए 51 हजार रुपये जमा कराने होंगे। इस तरह कथित अधिकारियों के नाम पर शिकायतकर्ता को लगातार डराया और दबाव में लिया गया। पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने डर के कारण कई बार में आरोपियों द्वारा बताए गए स्कैनर पर कुल एक लाख 26 हजार रूपये भेज दिए। इसके बाद भी जब आरोपियों ने एक लाख रुपये और मांगे, तो उसे ठगी का एहसास हुआ। उसने मामले की शिकायत थाना साइबर क्राइम में दर्ज करवाई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।
सिम कार्ड उपलब्ध करवाने में आरोपी की भूमिका
मामले की जांच थाना साइबर क्राइम प्रभारी इंस्पेक्टर साहिल कुमार और एएसआई प्रदीप कुमार की टीम कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने राजस्थान के भरतपुर जिले के गांव सियू निवासी साहिल को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने साइबर ठगों को सिम कार्ड उपलब्ध करवाया था, जिसका इस्तेमाल फर्जी फेसबुक आईडी बनाने के लिए किया गया। मामले में आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे