जींद : अब गर्मी के मौसम में नहीं होगी पानी की किल्लत
जींद, 16 अप्रैल (हि.स.)। उचाना कलां, उचाना शहर के लोगों के लिए अच्छी खबर है कि अब गर्मी के मौसम में उन्हें पीने के पानी की किसी तरह से परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। उचाना कलां के भौंगरा रोड पर जो जनस्वास्थ्य विभाग का जलघर है वहां पर 45 लाख रुपये की राशि खर्च करके दो क्लीयर वाटर (साफ पानी) टैंक बनाए गए हैं। यहां पर पहले एक टैंक था, जिसमें पानी फिल्टर होकर स्टोर किया जाता था। पहले जो टैंक था उसमें 5.5 लाख लीटर पानी स्टोर होता था। अब दो नए टैंक बने हैं उनमें 12.5 लाख लीटर पानी स्टोर होगा। यहां पर 18 लाख लीटर पानी एक नहीं बल्कि तीन टैंकों में फिल्टर होकर पानी जो क्लीयर वाटर टैंक बने है उनमें स्टोर होगा। इस सप्ताह टैंकों का कार्य पूरा हो जाएगा। टैंक में जो पानी रजबाहा से आएगा वो पाइप लाइन जलघर के अंदर जोडऩे का कार्य चल रहा है।
उचाना निवासी सुरेश, रामनिवास, बलवान, राजबीर ने गुरूवार को कहा कि उचाना कलां के जलघर 2 में पहले एक टैंक था। यहां पर पानी फिल्टर होकर एक ही टैंक में स्टोर होता था। अब दो नए टैंक बनने से यहां पर पानी स्टोर तीन टैंकों में होगा। ऐसे में गर्मी के मौसम में जो पीने के पानी की सप्लाई नहीं आने से परेशानी रहती थी वो इस बार दूर होगी। विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री से ये मांग की थी जिस पर अब काम पूरा हो गया है। विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री ने कहा कि हर घर स्वच्छ जल पहुंचे ये सरकार की प्राथमिकता है। उचाना कलां के जलघर 2 में पहले एक टैंक था। अब दो टैंक नए बन गए है। यहां पर पानी फिल्टर होकर स्टोर होगा। जो क्षमता है वो तीन गुणा बढ़ कर 18 लाख लीटर पानी की हो जाएगी। अब धीरे-धीरे जो-जो समस्याएं उचाना में थी वो समाप्त होने लगी है। विकसित उचाना का सपना पूरा करेंगे जो वायदे किए हंै उचाना हलके के लोगों से वो पूरे करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा