हिसार : आदमपुर की जनता से राजनीतिक नहीं परिवार जैसा रिश्ता: भव्य बिश्नोई

 


भव्य बिश्नोई ने सदलपुर में रास्तों के निर्माण कार्यों का किया उद्घाटन

हिसार, 20 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक भव्य

बिश्नोई ने मंगलवार काे आदमपुर हलके के गांव सदलपुर में रास्तों के निर्माण कार्यों का उद्घाटन

किया। इस दौरान उन्होंने हलके के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की

और उनके सुख-दुख में शामिल हुए। उन्होंने पारिवारिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में शिरकत

कर लोगों का कुशलक्षेम जाना और क्षेत्र की समस्याओं व विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा

की।

सदलपुर में रास्तों के निर्माण कार्यों का उद्घाटन करते हुए भव्य बिश्नोई ने

कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क और रास्तों की व्यवस्था विकास की बुनियादी

जरूरत है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलती है और क्षेत्र के आर्थिक एवं

सामाजिक विकास को गति मिलती है। उन्होंने कहा कि आदमपुर हलके के गांवों में आधारभूत

सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। विकास कार्यों का वास्तविक

उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उनका लाभ आमजन तक पहुंचे और लोगों के जीवन में सकारात्मक

बदलाव आए। भव्य बिश्नोई ने ग्रामीणों से विकास कार्यों की गुणवत्ता और उपयोगिता पर ध्यान

देने तथा क्षेत्र के विकास में सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आदमपुर

हलके के लोगों के साथ उनका रिश्ता राजनीतिक नहीं, बल्कि परिवार जैसा है। जनता के सुख-दुख

में शामिल होना, उनकी समस्याओं को समझना और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देना

उनकी जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि आदमपुर की जनता ने हमेशा भजनलाल परिवार को स्नेह,

विश्वास और आशीर्वाद दिया है। यह रिश्ता पीढ़ियों से चला आ रहा है और इसकी सबसे बड़ी

ताकत जनता के साथ सीधा जुड़ाव है। चौधरी भजनलाल और कुलदीप बिश्नोई ने जनसेवा तथा हर

वर्ग के कल्याण को सर्वोपरि रखा। उन्हीं के दिखाए मार्ग पर चलते हुए जनता के बीच रहकर

उनकी सेवा करना उनकी प्राथमिकता है। भव्य बिश्नोई ने कहा कि आदमपुर हलके की उन्नति, ग्रामीणों की खुशहाली और विकास

कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि क्षेत्र

के लोगों के साथ उनका जुड़ाव बना रहेगा और जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए

निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर