हिसार : स्वच्छ पर्यावरण, स्वस्थ जीवन व सुरक्षित भविष्य की ओर एक सार्थक कदम : प्रो. बीआर कम्बोज
एचएयू में मनाया गया ‘नो व्हीकल डे’
हिसार, 22 मई (हि.स.)। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय
में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ईंधन की बचत, पर्यावरण संरक्षण तथा ऊर्जा संसाधनों
के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए की गई अपील के मद्देनजर शुक्रवार को एचएयू‘ में नो व्हीकल डे’ मनाया गया।
कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज सहित विश्वविद्यालय
के सभी अधिकारी, शिक्षक, गैर शिक्षक कर्मचारी और विद्यार्थियों ने सरकारी एवं निजी
वाहनों का उपयोग न करते हुए पैदल, साइकिल या अन्य पर्यावरण-अनुकूल साधनों से अपने कार्यस्थलों
एवं शिक्षण संस्थानों तक पहुंचकर इस अभियान के तहत् एक दिन बिना वाहन के स्वच्छ पर्यावरण,
स्वस्थ जीवन और सुरक्षित भविष्य की ओर एक सार्थक कदम का संदेश भी दिया। कुलपति ने इस
पहल को ईंधन संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा
में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील केवल ईंधन बचाने
तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढिय़ों के लिए प्राकृतिक
संसाधनों को सुरक्षित रखने का भी संदेश देती है। ‘नो व्हीकल डे’ जैसे आयोजनों से लोगों
में ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ती है तथा कार्बन उत्सर्जन को कम करने में
भी सहायता मिलती है तथा यातायात के दबाव में कमी आती है।
कुलपति ने भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम
आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ईंधन की बचत राष्ट्र सेवा का
एक सरल और प्रभावी माध्यम है। प्रत्येक नागरिक यदि ईंधन बचाने का संकल्प ले, तो देश
की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, पर्यावरण सुरक्षित रहेगा और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण
में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। गौरतलब है कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा प्रत्येक
शुक्रवार को अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को अपने कार्यालयों व महाविद्यालयों
में साइकिल या पैदल आने का आह्वान किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर