हिसार : पेपर लीक पर राजनीति नहीं, जवाबदेही तय हो : दीपक घनघस

 


युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

हिसार, 07 अगस्त (हि.स.)। छात्र नेता एवं इनसो के जिला अध्यक्ष दीपक घनघस ने

देशभर में भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में सामने आ रहे कथित पेपर लीक तथा अनियमितताओं

के मामलों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल किसी एक परीक्षा या सरकार

का मुद्दा नहीं, बल्कि करोड़ों युवाओं के भविष्य और देश की परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता

से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि युवाओं की मेहनत को व्यवस्था की लापरवाही

या भ्रष्टाचार की भेंट नहीं चढ़ने दिया जा सकता।

दीपक घनघस ने शुक्रवार काे कहा कि नीट, हरियाणा की एचपीएससी और एचटैट, पंजाब की फार्मासिस्ट

भर्ती परीक्षा तथा झारखंड की जेपीएससी सहित विभिन्न परीक्षाओं से जुड़े विवाद इस बात

का संकेत हैं कि परीक्षा प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, सुरक्षित एवं जवाबदेह बनाने

की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इन मामलों को राजनीतिक लाभ-हानि के नजरिए से देखने

के बजाय व्यवस्था में सुधार के अवसर के रूप में लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार

चाहे केंद्र की हो या किसी भी राज्य की, युवाओं के भविष्य की सुरक्षा को लेकर सभी की

जवाबदेही समान होनी चाहिए।

दीपक घनघस ने कहा कि आज का युवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि एक निष्पक्ष अवसर चाहता

है। उसकी सबसे बड़ी चिंता यह है कि कहीं उसकी वर्षों की मेहनत किसी भ्रष्ट तंत्र या

प्रशासनिक लापरवाही की भेंट न चढ़ जाए। इसलिए परीक्षा विवादों पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप

के बजाय पारदर्शिता, निष्पक्षता और न्याय को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने

सरकारों से मांग की कि भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं को पूरी तरह सुरक्षित, तकनीकी रूप

से मजबूत और पारदर्शी बनाने के लिए प्रभावी सुधार लागू किए जाएं, ताकि मेहनत करने वाले

प्रत्येक अभ्यर्थी का विश्वास व्यवस्था पर कायम रहे। दीपक घनघस ने कहा कि पेपर लीक

पर राजनीति नहीं, बल्कि जवाबदेही तय होनी चाहिए। युवाओं के सपनों की रक्षा करना हर

सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर