हिसार : भाजपा ने हरियाणा को कर्ज-बेरोजगारी व भ्रष्टाचार में नंबर वन बनाया : भूपेन्द्र हुड्डा
बीजेपी ने हरियाणा को 5.50 लाख करोड़ के कर्ज में डुबोया, विकास नहीं, सिर्फ
घोटाले किए
हिसार, 19 सितंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र
सिंह हुड्डा ने कहा है कि 2005 से 2014 तक कांग्रेस सरकार ने हरियाणा को प्रति व्यक्ति
आय, निवेश, रोजगार, सरकारी नौकरियों, खेल, किसानों को फसलों का उचित मूल्य और कानून-व्यवस्था
के मामले में देश का नंबर वन राज्य बनाया था। वहीं भाजपा सरकार ने प्रदेश को बेरोजगारी,
अपराध, नशा, भ्रष्टाचार और कर्ज के मामले में नंबर वन बना दिया।
उकलाना में शनिवार काे कांग्रेस के ब्लॉक स्तरीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए भूपेन्द्र
सिंह हुड्डा ने कहा कि 1966 से 2014 तक हरियाणा पर करीब 70 हजार करोड़ रुपये का कर्ज
था, जो भाजपा सरकार के दौरान बढ़कर 5.50 लाख करोड़ रुपये हो गया। उन्होंने आरोप लगाया
कि इतना कर्ज बढ़ने के बावजूद प्रदेश में न मेट्रो आगे बढ़ी, न नई रेलवे लाइन बिछी
और न कोई बड़ी परियोजना, मेडिकल कॉलेज या शिक्षण संस्थान स्थापित हुआ। उन्होंने कहा
कि भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन लागत बढ़ गई और किसानों
को खाद तक के लिए परेशान होना पड़ रहा है। कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए हुड्डा
ने कहा कि अपराध के कारण निवेश और रोजगार प्रभावित हुआ है। युवाओं को पक्की सरकारी
नौकरियों के बजाय कौशल रोजगार निगम के माध्यम से कम वेतन वाली अस्थायी नौकरियों के
भरोसे छोड़ा जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर