नारनौलः सड़क हादसे में होटल कर्मी की मौत

 


हाईवे पार करते समय हुआ हादसा, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

नारनाैल, 07 जून (हि.स.)। नारनौल में नेशनल हाईवे-11 पर अटेली के पास शनिवार रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में राजस्थान के एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजस्थान के कोटपुतली-बहरोड़ जिले के करीब 40 वर्षीय संजय कुमार के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

जानकारी के अनुसार संजय कुमार अटेली क्षेत्र में स्थित एक होटल में कार्यरत था। शनिवार रात वह किसी आवश्यक कार्य से होटल से निकला था। इसी दौरान वह नेशनल हाईवे.11 को पार कर दूसरी ओर जा रहा था। तभी तेज गति से आए एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संजय सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।

आसपास मौजूद लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल संजय को तुरंत उपचार के लिए नारनौल के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दीए जिसके बाद परिजन भी अस्पताल पहुंचे। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

पुलिस के अनुसार हादसे को अंजाम देने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला