नारनाैल में युवक ने फंदा लगाकर की आत्महत्या

 


कमरे में पंखे से लटका मिला 38 वर्षीय अनिल का शव, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा

नारनाैल, 16 अगस्त (हि.स.)। जिले के गांव गढ़ी रुथल में रविवार को 38 वर्षीय व्यक्ति ने अपने घर के कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। बाद में नारनौल के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

जानकारी के अनुसार गांव गढ़ी रुथल निवासी करीब 38 वर्षीय अनिल कुमार रविवार सुबह अपने घर में बने कमरे में गया था। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो अनिल पंखे से रस्सी के सहारे फंदे पर लटका हुआ मिला। परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारा और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जानकारी जुटाई। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नारनौल के नागरिक अस्पताल भेजा। परिजनों के अनुसार अनिल कुमार शादीशुदा था और खेतीबाड़ी का काम करता था। जिस समय उसने यह कदम उठाया, उस समय उसकी पत्नी और दोनों बच्चे घर पर मौजूद नहीं थे। वे किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अनिल ने कमरे में जाकर फांसी लगा ली।

पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। घटना से गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला