नारनौलः सतनाली के शहीद स्मृति पार्क में युवक का शव फंदे से लटका मिला
सुबह सैर करने पहुंचे लोगों ने देखा दृश्य, पुलिस जांच में जुटी
नारनाैल, 24 मार्च (हि.स.)। जिले के सतनाली कस्बे में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब शहीद स्मृति पार्क में एक युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार सुबह के समय गांव के लोग रोजाना की तरह सैर करने के लिए पार्क में पहुंचे थे।
इसी दौरान उनकी नजर पार्क में लगे झूले पर पड़ी, जहां एक युवक रस्सी के सहारे फंदे से लटका हुआ था। यह दृश्य देखकर लोग सन्न रह गए और तुरंत गांव के सरपंच को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर सरपंच प्रतिनिधि धर्मवीर गोठवाल ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लेने के बाद तुरंत पुलिस को बुलाया। कुछ ही देर में सतनाली थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष के आसपास है, लेकिन उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि युवक ने रात के समय पार्क में आकर झूले पर रस्सी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या की है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रों में मृतक की पहचान कराने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला