नारनाैल में 152डी पर खड़े ट्राले से टकराया सब्जियों से भरा कैंटर, युवक की मौत

 


खेड़ी तलवाना के पास हुआ हादसा, चाचा गंभीर घायल

नारनाैल, 26 सितंबर (हि.स.)। जिले के गांव खेड़ी तलवाना के पास शनिवार तड़के 152डी पर सड़क किनारे खड़े ट्राले से सब्जियों से भरा कैंटर टकरा गया। हादसे में कैंटर में सवार 29 वर्षीय रोहित शर्मा की मौत हो गई, जबकि कैंटर चला रहे उसके चाचा प्रमोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों रेवाड़ी जिले के गांव करौली के रहने वाले हैं। घायल प्रमोद कुमार का नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा है।

मृतक के पिता प्रेमचंद ने बताया कि प्रमोद कुमार अपने भतीजे रोहित शर्मा के साथ 24 सितंबर को महाराष्ट्र के नासिक से कैंटर में सब्जियां लेकर कैथल के लिए रवाना हुए थे। शनिवार तड़के वे 152डी से होते हुए खेड़ी तलवाना के पास पहुंचे।

पेट्रोल पंप के नजदीक बने रेस्ट एरिया में सड़क पर एक ट्राला खड़ा हुआ था। इसी दौरान कैंटर अनियंत्रित होकर ट्राले के पिछले हिस्से से जा टकराया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कैंटर में सवार रोहित शर्मा और चालक प्रमोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद रेस्ट एरिया में मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलने पर दोनों घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल कनीना पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रोहित शर्मा को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, गंभीर रूप से घायल प्रमोद कुमार का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला