नारनाैल में ट्राले की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

 


पुलिस ने ट्राला चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू की

नारनाैल, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के नांगल चौधरी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे नंबर 148बी पर गांव खानपुर के पास बुधवार शाम सड़क हादसे में बाइक सवार 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजस्थान के गांव परतापुर निवासी कुलदीप कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद पुलिस ने ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार कुलदीप कुमार बुधवार शाम बाइक पर सवार होकर अपनी ससुराल गांव अमरपुरा जा रहा था। जब वह नेशनल हाईवे नंबर 148बी पर गांव खानपुर के पास पहुंचा, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्राले ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुलदीप बाइक से सड़क पर गिर गया। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट लग गई और काफी खून बहने लगा।

हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। सूचना मिलने के बाद एंबुलेंस की मदद से घायल कुलदीप को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। वहीं, परिजनों को घटना की सूचना दी गई।

पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य जुटाकर हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला