नारनौल: युवक का अपहरण कर मारपीट, आरोपी गिरफ्तार
सीआईए ने चौथे आरोपी को जलमहल क्षेत्र से पकड़ा, तीन आरोपी पहले हो चुके हैं गिरफ्तार
नारनाैल, 07 सितंबर (हि.स.)। नारनौल शहर में युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट करने तथा नकदी व मोबाइल फोन लूटने के मामले में सीआईए नारनौल ने चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजस्थान के सीकर जिले के गांव जिलो निवासी गोपाल के रूप में हुई है। पुलिस इससे पहले मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त कैंपर वाहन और तीन लाठियां बरामद कर चुकी है।
डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण ने सोमवार को बताया कि 14 अगस्त 2026 को गांव नांगतिहाड़ी निवासी गौरव अपने खेत से घर लौट रहा था। रास्ते में कैंपर वाहन ने उसका रास्ता रोक लिया। वाहन से उतरे मोनू और गौरा ने लाठी-डंडों से गौरव के साथ मारपीट की और जबरन उसे कैंपर में बैठा लिया, जिसे दिलबाग चला रहा था।
आरोपी उसे मारते-पीटते हुए नसीबपुर बस अड्डे की ओर ले गए, जहां उसके साथ दोबारा मारपीट की गई। आरोपियों ने गौरव की जेब से दो हजार रुपये और मोबाइल फोन भी छीन लिया। इसके बाद उसे नसीबपुर बस स्टैंड के पास छोड़कर फरार हो गए। घायल गौरव को नारनौल के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते उसे जयपुर रेफर कर दिया गया।
शिकायत के आधार पर 18 अगस्त को थाना सिटी नारनौल में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने अगले दिन दिलबाग, मोनू और गौरा को गिरफ्तार कर लिया था। रिमांड के दौरान उनकी निशानदेही पर कैंपर वाहन और तीन लाठियां बरामद की गईं। बाद में तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए सीआईए नारनौल ने गोपाल को नारनौल के जलमहल क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, जांच में उसकी वारदात में सक्रिय भूमिका सामने आई, जिसके बाद उसे पकड़ा गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला