नारनौल में 25 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर दी जान
नारनाैल, 11 नवंबर (हि.स.)। शहर के नजदीकी गांव पटीकरा में 25 वर्षीय युवक ने घर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान लोकेश के रूप में हुई है। वह हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के तहत नागरिक अस्पताल नारनौल में गार्ड के पद पर कार्यरत था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि लोकेश नागरिक अस्पताल नारनौल में गार्ड के पद पर तैनात था। उसकी ड्यूटी अस्पताल के मुख्य गेट पर रहती थी। बताया गया है कि बीते दिन वह घर पर ही था। इसी दौरान उसने घर में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
परिजनों के अनुसार, घटना का पता चलने पर उन्होंने मौके पर पहुंचकर उसे संभालने का प्रयास किया। आसपास के लोग भी वहां एकत्र हो गए। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल नारनौल पहुंचाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। लोकेश की असमय मौत से परिजन और परिचित सदमे में हैं। फिलहाल युवक के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला