नारनौल : युवक ने फंदा लगाकर दी जान
एक साल पहले हुई थी शादी, शास्त्री नगर स्थित कमरे में पंखे से लटका मिला शव
नारनाैल, 02 जुलाई (हि.स.)। नारनौल में महेंद्रगढ़ रोड स्थित शास्त्री नगर में किराए के मकान में रहने वाले एक युवक ने बुधवार शाम काे फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के अनुसार नांगल चौधरी क्षेत्र के गांव भोजावास निवासी करीब 25 वर्षीय मोनू कुमार अपनी पत्नी और मां के साथ शास्त्री नगर में किराए के मकान में रहता था। वह निजी कंपनी में नौकरी करता था। करीब एक वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी। नौकरी के कारण वह पत्नी के साथ नारनौल में रहने लगा था, जबकि उसकी मां भी उनके साथ ही रहती थी।
बुधवार शाम काे मोनू ने अपने कमरे के अंदर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं होने पर परिजनों को संदेह हुआ। कमरे में पहुंचने पर युवक फंदे पर लटका मिला।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस और आसपास के लोगों को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पीछे किसी स्पष्ट कारण का पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला