नारनाैल: देसी कट्टे के साथ युवक गिरफ्तार
बाछौद बाईपास के पास कच्चे रास्ते पर खड़ा था युवक, तलाशी में हथियार बरामद
नारनाैल, 14 अगस्त (हि.स.)। सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम ने एक युवक को अवैध देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान अटेली निवासी बोबी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम सीआईए महेंद्रगढ़ में तैनात एएसआई दीपक अपनी टीम के साथ बाछौद बाईपास क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि बोबी खोड़ गांव के अंडरपास के पास रेवाड़ी-नारनौल रोड से लगते कच्चे रास्ते पर अवैध देसी कट्टा लेकर खड़ा है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बताए गए स्थान की घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध युवक को पकड़ लिया गया। पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक कट्टे की बैरल खाली थी। आरोपी से हथियार रखने का वैध लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने बरामद हथियार का नियमानुसार माप लिया और उसका स्कैच तैयार किया। हथियार को जब्त कर सील कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना अटेली में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया था तथा वह इसे किस उद्देश्य से लेकर घूम रहा था। जांच के दौरान पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला