नारनाैल: कुएं में कूदकर श्रमिक ने दी जान
ढाणी ठाकरान की घटना, बीमार चल रहा था मृतक, पुलिस ने शुरू की जांच
नारनाैल, 23 जून (हि.स.)। नांगल चौधरी के वार्ड नंबर सात स्थित ढाणी ठाकरान में मंगलवार सुबह एक श्रमिक ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान ढाणी ठाकरान निवासी करीब 35 वर्षीय छोटू के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार छोटू पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहा था। मंगलवार सुबह उसके पिता चेतराम उसे शौच के लिए घर से बाहर लेकर गए थे। इसी दौरान वह अचानक पास स्थित एक कुएं की ओर दौड़ पड़ा और उसमें छलांग लगा दी। घटना इतनी तेजी से हुई कि उसके साथ मौजूद लोग उसे रोकने या बचाने का प्रयास नहीं कर सके।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों और अन्य लोगों की मदद से काफी प्रयासों के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि छोटू शराब पीने का आदी था और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से भी जूझ रहा था। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो नाबालिग बेटियों को छोड़ गया है। पुलिस ने स्वजन के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला