नारनौलः हरियाणा में ‘नारी शक्ति वंदन अभियान’ बना महिला सशक्तिकरण का मजबूत आधारः आरती सिंह राव
33 प्रतिशत आरक्षण से राजनीति में बढ़ेगी महिलाओं की भागीदारी, आत्मविश्वास और नेतृत्व को मिलेगा नया आयाम
नारनाैल, 13 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने ‘नारी शक्ति वंदन अभियान’ को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि यह अभियान महिलाओं के राजनीतिक, सामाजिक और मानसिक विकास का मजबूत आधार बनेगा। सोमवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल अधिकारों तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं की गरिमा, आत्मसम्मान और आत्मविश्वास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं को राष्ट्र निर्माण में बराबरी का भागीदार बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से विधायी संस्थाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करना इस सदी का एक ऐतिहासिक और दूरगामी सुधार है। इससे न केवल महिलाओं को राजनीति में प्रवेश के अधिक अवसर मिलेंगे, बल्कि जमीनी स्तर पर नेतृत्व की नई सोच और ऊर्जा भी देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि आज की महिला हर क्षेत्र चाहे वह शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो, विज्ञान हो या प्रशासन में अपनी क्षमता का लोहा मनवा रही है। सरकार भी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और आर्थिक स्वावलंबन को प्राथमिकता दे रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने विश्वास जताया कि ‘नारी शक्ति वंदन अभियान’ आने वाले समय में आधी आबादी की आवाज़ को और अधिक सशक्त बनाएगा। इससे महिलाओं की नीति निर्माण प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी और एक संतुलित, समावेशी और मजबूत समाज के निर्माण में अहम योगदान मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला