नारनौलः महिलाओं की सुरक्षा व अधिकारों के संरक्षण में लापरवाही बर्दाश्त नहींः मनोज कुमार
कार्यस्थल पर महिला सुरक्षा को लेकर नोडल अधिकारी नियुक्त
नारनाैल, 24 फ़रवरी (हि.स.)। कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न के तहत जिले के सभी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इन अधिकारियों का मुख्य दायित्व कार्यस्थलों पर होने वाली शिकायतों को प्राप्त करना और उन्हें समयबद्ध तरीके से स्थानीय समिति तक पहुंचाना होगा।
मंगलवार को जारी आदेशों में जिलाधीश एवं उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों के संरक्षण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आंतरिक शिकायत समितियों के गठन का सर्वे कर 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट देने के आदेश भी दिए। उन्होंने डीआईओ नारनौल को शी-बॉक्स पोर्टल और जिला वेबसाइट पर सभी नोडल अधिकारियों का विवरण अपडेट करने के आदेश दिए। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देश दिए की इंटरनल कंप्लेंट कमेटी का गठन तथा सी बॉक्स पोर्टल पर आईसीसी डिटेल अपलोड करने के लिए श्रम आयुक्त नारनौल स्थित रेवाड़ी का सहयोग करेंगी।
ग्रामीण क्षेत्रों के लिए उपायुक्त ने खंड स्तर पर नियुक्तियां की हैं। इसके तहत नारनौल, निजामपुर, नांगल चौधरी, अटेली, सिहमा, कनीना, महेंद्रगढ़ और सतनाली के संबंधित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों (बीडीपीओ) को अपने-अपने ब्लॉक का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। ये अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली शिकायतों के लिए उत्तरदायी होंगे। जबकि शहरी क्षेत्रों और नगर निकायों के लिए अलग से जिम्मेदारी तय की गई है। नगर परिषद नारनौल के लिए कार्यकारी अधिकारी (ईओ) को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं, नगर पालिका महेंद्रगढ़, नगर पालिका कनीना, नगर पालिका अटेली और नगर पालिका नांगल चौधरी के लिए संबंधित सचिव नोडल अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे। उपायुक्त ने सख्त हिदायत दी है कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की देरी को मामले की अवमानना माना जाएगा और संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला