नारनौल में पेयजल संकट पर महिलाओं ने मटके फोड़ किया विराेध
नारनौल, 01 जून (हि.स.)। नारनौल शहर में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या को लेकर महिलाओं का गुस्सा सोमवार को सड़कों पर दिखाई दिया। पेयजल संकट से परेशान महिलाओं ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पब्लिक हेल्थ) के निजामपुर रोड स्थित कार्यालय पर पहुंचकर मटका फोड़ प्रदर्शन किया। रेजिडेंट महिलाओं ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए नियमित पेयजल आपूर्ति की मांग उठाई। बाद में विभागीय अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने आरोप लगाया कि उनके क्षेत्र में पिछले करीब एक वर्ष से पेयजल आपूर्ति की गंभीर समस्या बनी हुई है। कई बार शिकायतें देने और अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। इसके चलते लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।
महिलाओं ने बताया कि क्षेत्र में पानी की आपूर्ति अनियमित हो गई है। कभी पानी आता है तो कभी कई-कई दिनों तक सप्लाई बंद रहती है। गर्मी के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है। परिवारों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था करना मुश्किल हो रहा है, जिससे महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं पब्लिक हेल्थ कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गईं। वहीं कुछ महिलाएं कार्यालय परिसर के अंदर भी पहुंचीं और अपने साथ लाए खाली मटकों को फोड़कर विभाग के प्रति रोष व्यक्त किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगी।
धरने और प्रदर्शन की सूचना मिलने पर जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ मुकेश और जेई नरेश कुमार मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने महिलाओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने कहा कि पेयजल आपूर्ति से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद महिलाओं ने अपना धरना और प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला