नारनौल में पत्नी पर जेवर लेकर फरार होने का आरोप, रिश्तेदार भी संदेह के घेरे में
सीसीटीवी फुटेज में मौसी की लड़की के साथ जाती दिखी महिला, पुलिस ने दर्ज किया केस
नारनाैल, 24 मार्च (हि.स.)। नारनौल के केशव नगर क्षेत्र में एक युवक ने अपनी पत्नी और उसकी रिश्तेदार पर घर से सोने के आभूषण लेकर फरार होने का आरोप लगाया है। शहर थाना नारनौल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अनुसार शिकायतकर्ता रवि कुमार ने मंगलवार काे पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सोमवार दोपहर करीब तीन बजे स्कूल से घर लौटा था। उस समय उसकी माता बिमला, भाभी मंजीता और भाई सचिन घर में सो रहे थे, लेकिन उसकी पत्नी रूही घर पर नहीं मिली। रवि ने बताया कि उसने पत्नी को कई बार फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल या तो बंद मिला या कॉल का कोई जवाब नहीं मिला। इस पर उसे संदेह हुआ और उसने घर में रखी अलमारी की जांच की। पूजा कक्ष में रखी अलमारी से सोने के आभूषण गायब पाए गए। रवि कुमार ने आरोप लगाया कि पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर उसकी पत्नी की मौसी की लड़की बुलबुल संदिग्ध गतिविधियों में नजर आई। फुटेज के अनुसार बुलबुल सोमवार सुबह काले रंग की एक्टिवा स्कूटी पर घर आई और कुछ देर बाद वापस चली गई। इसके बाद दोपहर में वह दोबारा स्कूटी लेकर आई और मात्र तीन मिनट के भीतर रूही को अपने साथ लेकर चली गई। एक अन्य फुटेज में दोनों महिलाओं को एक बैग के साथ गली के एक मकान में जाते हुए भी देखा गया है। इसके बाद से ही रूही घर नहीं लौटी है और उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है।
पुलिस के अनुसार शिकायत के आधार पर रूही और बुलबुल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले ली है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला