नारनौल में पत्नी और बेटी की हत्या के आरोप में किसान गिरफ्तार

 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा

नारनाैल, 02 जून (हि.स.)। जिले के नांगल चौधरी क्षेत्र के गांव ढाणी ठाकरान में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और नाबालिग बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव ढाणी ठाकरान निवासी अशोक सिंह का सोमवार शाम अपनी पत्नी राजबाला देवी (40) के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच शुरू हुई कहासुनी धीरे-धीरे तीखी बहस में बदल गई। इसी दौरान उनकी 14 वर्षीय बेटी मीनाक्षी अपनी मां का बचाव करने और दोनों के बीच विवाद शांत कराने के लिए पहुंची। आरोप है कि गुस्से में अशोक सिंह ने पत्नी और बेटी पर हमला कर दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दोहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल नारनौल के शवगृह में भिजवा दिया। पुलिस ने आरोपी अशोक सिंह को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि वह खेती-बाड़ी का कार्य करता है।

जांच अधिकारियों के अनुसार मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पारिवारिक विवाद के कारण हुई इस वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। गांव में मातम का माहौल है और लोग घटना को लेकर स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला