नारनाैल: मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हरियाणा में सेवा यात्रा का किया स्वागत
नारनाैल, 27 सितंबर (हि.स.)। गुजरात के वडनगर से उत्तर प्रदेश के वाराणसी तक निकाली जा रही सेवा संकल्प यात्रा का रविवार को हरियाणा में प्रवेश हुआ। यात्रा हरियाणा-राजस्थान सीमा पर स्थित गांव गोद बलाहा से महेंद्रगढ़ जिले में पहुंची। यहां मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सीमा पर पहुंचकर यात्रा का स्वागत किया। यात्रा के हरियाणा में प्रवेश को लेकर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद रहे। यात्रा में मोटरसाइकिलों पर सवार युवा शामिल थे। मुख्यमंत्री ने गुजरात के वडनगर से बाइक पर पहुंचे युवाओं से संवाद किया और यात्रा के अनुभवों के बारे में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ें। उन्होंने युवाओं से सड़क सुरक्षा को लेकर भी सावधानी बरतने की अपील की। यात्रा में शामिल युवाओं ने मुख्यमंत्री के साथ बातचीत के दौरान अपने यात्रा अनुभव साझा किए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं और जनकल्याण से जुड़े कार्यों का भी उल्लेख किया। इस दौरान यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता भी यात्रा में शामिल हुईं। उन्होंने करीब दो किलोमीटर तक बाइक पर बैठकर यात्रा के साथ सफर किया। यात्रा के हरियाणा में प्रवेश के बाद इसे निर्धारित मार्ग से आगे रवाना किया गया। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही यह बाइक यात्रा हरियाणा के विभिन्न जिलों से होकर आगे बढ़ रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला