नारनौल में नलकूप चालकों का अभिनंदन कर मनाया जल महोत्सव

 


जिला स्तरीय समारोह में 80 पंप ऑपरेटर ‘नल जल मित्र’ के रूप में सम्मानित

नारनाैल, 17 मार्च (हि.स.)। नारनौल में मंगलवार को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन के संयुक्त तत्वावधान में जिला परिषद सभागार में पंप ऑपरेटर अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जल महोत्सव मनाते हुए नलकूप चालकों के योगदान को सराहा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमंडल अभियंता मुकेश कुमार ने की।

समारोह में जिला सलाहकार मंगतुराम सरसवा ने ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पानी केवल एक बुनियादी सुविधा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा, आजीविका और सामुदायिक जीवन से गहराई से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले जहां महिलाओं और बच्चों को पेयजल के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, वहीं अब जल जीवन मिशन के तहत घर-घर स्वच्छ और सुरक्षित पानी उपलब्ध हो रहा है।

उन्होंने सभी संबंधित समितियों और नागरिकों से अपील की कि प्रत्येक गांव में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना हम सबकी जिम्मेदारी है। ग्राम जल एवं सीवरेज समितियों को नियमित रूप से जल की गुणवत्ता की जांच और निगरानी करनी चाहिए, ताकि लोगों को शुद्ध पानी मिल सके। कार्यक्रम में ग्राम जल एवं सीवरेज समितियों की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बताया गया कि इन समितियों को जल प्रबंधन, समान वितरण और जल शुल्क संग्रहण जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों को गंभीरता से निभाना चाहिए। इस मौके पर विभाग की ओर से जिले के कुल 80 नलकूप चालकों को ‘नल जल मित्र’ के रूप में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उनके कार्यों की सराहना करते हुए अधिकारियों ने कहा कि ये कर्मचारी ग्रामीण क्षेत्रों में जल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला