नारनौल में गो सम्मान यात्रा निकाल दिया गो संरक्षण का संदेश

 


गो संरक्षण को लेकर प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

नारनाैल, 27 जुलाई (हि.स.)। गायों की सेवा, संरक्षण और संवर्धन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को नारनौल में विशाल गो सम्मान यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में गो भक्तों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, संत-महात्माओं और धर्मप्रेमी नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने गो सेवा और गो संरक्षण के समर्थन में संदेश देते हुए लोगों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

यात्रा का शुभारंभ हरिनारायण मंदिर, कच्चागढ़ से हुआ। श्रद्धालु हाथों में भगवा ध्वज और गो सेवा से जुड़े संदेश लिखे बैनर लेकर यात्रा में शामिल हुए। यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों रेवाड़ी रोड, महावीर चौक और महेंद्रगढ़ रोड से होते हुए आगे बढ़ी। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया तथा गो सेवा के समर्थन में नारे लगाए।

इस दौरान आयोजकों ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गो माता का विशेष स्थान है। उन्होंने कहा कि गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। साथ ही गोशालाओं को मजबूत बनाने, बेसहारा गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा गो सेवा के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

यात्रा का समापन उपायुक्त कार्यालय, नारनौल में हुआ। यहां प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपकर गो संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर प्रभावी कदम उठाने की मांग की। ज्ञापन में गोवंश की सुरक्षा, उचित देखभाल, बेसहारा पशुओं के बेहतर प्रबंधन तथा गोशालाओं में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ठोस कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला