नारनौलः सड़क हादसे में दो मजदूरों की दर्दनाक मौत

 


एम्स माजरा से लौटते समय अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी

नारनाैल, 29 मई (हि.स.)। नारनौल क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर अटेली के पास गुरूवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही गांव के दो मजदूरों की मौत हो गई। दोनों युवक रोजाना रेवाड़ी के माजरा में बन रहे एम्स में मजदूरी का काम करने जाते थे और काम खत्म होने के बाद बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई।

जानकारी के अनुसार गांव दुबलाना निवासी इंद्रजीत सिंह और करतार रेवाड़ी के माजरा स्थित निर्माणाधीन एम्स में मजदूरी करते थे। दोनों प्रतिदिन बाइक पर सवार होकर काम पर जाते और शाम को वापस गांव लौटते थे। गुरुवार देर शाम भी दोनों काम समाप्त कर बाइक से अपने घर दुबलाना लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि अटेली से आगे गांव बोचड़िया के रेस्ट एरिया के पास पहुंचते ही पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा.तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत सहायता के लिए पहुंचे। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अटेली पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल की हालत गंभीर होने पर परिजन उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। शुक्रवार को पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला