नारनौल: अदालत में पेश नहीं हुए दो आरोपी भगौड़ा घोषित
बार-बार बुलाने के बाद भी हाजिर नहीं हुए आरोपी, पुलिस ने दर्ज किया केस
नारनाैल, 07 अक्टूबर (हि.स.)। अदालत में बार-बार बुलाए जाने के बावजूद पेश नहीं होने पर नारनौल की अदालत ने दो आरोपियों को उद्घोषित व्यक्ति घोषित किया है। मामला वर्ष 2021 में दर्ज एक केस से जुड़ा है।
अदालत के आदेश पर शहर नारनौल थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि डॉ. मुकेश कुमार की अदालत में स्टेट बनाम विनोद मामले की सुनवाई चल रही है। इस मामले में विनोद और सुरेंद्र लगातार अदालत में पेश नहीं हो रहे थे।
मामले का एक अन्य आरोपी दिनेश भी पहले से अदालत में गैरहाजिर है।
पुलिस के अनुसार अदालत ने विनोद और सुरेंद्र के खिलाफ 22 मई 2026 को उद्घोषणा आदेश जारी किया था।
आदेश के तहत प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी दोनों आरोपी अदालत में पेश नहीं हुए। सुनवाई के दौरान उन्हें कई बार अदालत में बुलाया गया, लेकिन दोनों हाजिर नहीं हुए।
इसके बाद 17 सितंबर 2026 को अदालत ने दोनों आरोपियों को उद्घोषित व्यक्ति घोषित कर दिया। अदालत ने थाना प्रभारी को दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही दोनों आरोपियों की संपत्ति का विवरण भी अदालत में पेश करने के आदेश दिए हैं।
संपत्ति का विवरण 15 दिसंबर 2026 तक अदालत में पेश करना है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी विनोद मोहल्ला मिश्रवाड़ा, नारनौल और सुरेंद्र काबिला संघीवाड़ा निवासी है। अदालत का आदेश थाना शहर नारनौल में मिलने के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई सतीश को सौंपी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला