महेंद्रगढ़ में ट्राले की टक्कर से नेपाल के युवक की मौत, चालक फरार

 


कुरहावटा मोड़ पर हुआ दर्दनाक हादसा, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

नारनाैल, 31 मार्च (हि.स.)। महेंद्रगढ़ में एक दर्दनाक सड़क हादसे में नेपाल के एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्राले ने अचानक मोड़ लेते हुए राहगीर को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान नेपाल के रोल्पा जिला निवासी मन बहादुर बस्नेत के रूप में हुई है, जो महेंद्रगढ़ में रहकर रेहड़ी पर सब्जी बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। पुलिस ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

मिली जानकारी के अनुसार मन बहादुर बस्नेत कुरहावटा रोड के पास किराए के मकान में रहता था और वह शादीशुदा था। उसके तीन बेटे हैं। सोमवार को उसका बड़ा भाई चंद्र बहादुर बस्नेत भी उससे मिलने महेंद्रगढ़ आया हुआ था। दोनों भाई शाम के समय राव तुलाराम चौक से होते हुए कुरहावटा मोड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दादरी की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्राला चालक ने अचानक मोड़ काट दिया और मन बहादुर को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिर पड़ा और ट्राले का पिछला टायर उसके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस बीच चालक भीड़ का फायदा उठाकर ट्राला छोड़कर फरार हो गया। परिजन और आसपास के लोग घायल मन बहादुर को तुरंत नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शहर थाना पुलिस ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला