नारनौल होकर गुजरने वाली प्रमुख ट्रेनों में बढ़े अतिरिक्त डिब्बे

 


रेवाड़ी, नारनौल और अटेली क्षेत्र के यात्रियों को मिलेगा लाभ

नारनाैल, 30 जून (हि.स.)।उत्तर पश्चिम रेलवे ने बढ़ती यात्री संख्या और यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से विभिन्न रेल सेवाओं में जुलाई माह के दौरान अतिरिक्त डिब्बे लगाने का निर्णय लिया है। इस व्यवस्था से यात्रियों को सीट मिलने की संभावना बढ़ेगी और भीड़भाड़ से भी काफी राहत मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने मंगलवार को बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुल 55 जोड़ी रेल सेवाओं में 147 अतिरिक्त डिब्बे अस्थायी रूप से लगाए जा रहे हैं। इनमें महेंद्रगढ़ जिले के यात्रियों द्वारा सबसे अधिक उपयोग किए जाने वाले रेवाड़ी रेलखंड की कई महत्वपूर्ण ट्रेनें भी शामिल हैं।

रेलवे के अनुसार मदार-रेवाड़ी-मदार (19617/19618) ट्रेन में एक से 31 जुलाई तक पांच अतिरिक्त द्वितीय साधारण श्रेणी के डिब्बे लगाए जाएंगे। वहीं दिल्ली सराय-उदयपुर सिटी-दिल्ली सराय चेतक एक्सप्रेस (20473/20474) में दिल्ली सराय से एक से 31 जुलाई तक तथा उदयपुर सिटी से दाे जुलाई से एक सितंबर तक एक थर्ड एसी और एक द्वितीय शयनयान श्रेणी का अतिरिक्त कोच जोड़ा जाएगा।

इसके अलावा रेवाड़ी-फुलेरा-रेवाड़ी (19619/19620 तथा 19621/19622) ट्रेनों में पूरे जुलाई माह के दौरान पांच-पांच अतिरिक्त द्वितीय साधारण श्रेणी के डिब्बे लगाए जाएंगे। रेवाड़ी-हिसार-रेवाड़ी (59631/59632) रेल सेवा में भी एक से 31 जुलाई तक पांच अतिरिक्त साधारण श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे, जिससे दैनिक यात्रियों को विशेष राहत मिलेगी।

रेलवे ने जयपुर-रेवाड़ी-जयपुर स्पेशल (09635/09636) में भी पूरे जुलाई माह के लिए पांच अतिरिक्त साधारण श्रेणी के डिब्बों की व्यवस्था की है। इसके साथ ही भिवानी-कालका, भिवानी-ढेहर का बालाजी तथा भिवानी-मथुरा रेल सेवाओं में भी अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। रेलवे का कहना है कि इस अस्थायी व्यवस्था से यात्रियों की यात्रा पहले की तुलना में अधिक आरामदायक और सुगम होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला