महेंद्रगढ़ में ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत

 

दोहन नदी पुल के पास हुआ हादसा, मृतक की पहचान में जुटी जीआरपी पुलिस

नारनाैल, 08 जून (हि.स.)। जिले में रविवार देर शाम एक दर्दनाक रेल हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। गांव माजरा खुर्द के पास दोहन नदी के पुल पर एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाकर उसकी शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

महेंद्रगढ़ जीआरपी चौकी प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना स्टेशन मास्टर द्वारा दी गई थी। सूचना मिलने के बाद जीआरपी टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 22422 सालासर सुपरफास्ट ट्रेन की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। दुर्घटना गांव माजरा खुर्द क्षेत्र में दोहन नदी के पुल के पास हुई। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष प्रतीत होती है। हादसे के बाद पुलिस ने शव की तलाशी ली, लेकिन उसके पास से किसी प्रकार का पहचान पत्र, मोबाइल फोन या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुआ। इसी कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है।

जीआरपी पुलिस ने आसपास के क्षेत्र के लोगों से पूछताछ भी की, लेकिन मृतक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई। इसके बाद पुलिस ने पहचान के लिए अन्य माध्यमों का सहारा लिया है। चौकी प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक का हुलिया और घटना से संबंधित जानकारी आसपास के गांवों के सरपंचों के व्हाट्सएप ग्रुपों तथा विभिन्न पुलिस थानों के आधिकारिक ग्रुपों में साझा की गई है, ताकि उसकी पहचान हो सके।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखा गया है। पहचान होने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा। जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ मृतक की पहचान करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला