नारनौल-महेंद्रगढ़ रूट की ट्रेनों में बढ़े अतिरिक्त डिब्बे, यात्रियों को राहत

 


नारनाैल, 26 मई (हि.स.)। गर्मियों की छुट्टियों में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत देने का फैसला किया है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने 52 जोड़ी ट्रेनों में विभिन्न श्रेणियों के 132 अतिरिक्त डिब्बे अस्थायी रूप से बढ़ाने की घोषणा की है। इसका सीधा लाभ नारनौल और महेंद्रगढ़ क्षेत्र के यात्रियों को भी मिलेगा, क्योंकि कई प्रमुख रेल सेवाएं इन स्टेशनों से होकर गुजरती हैं।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने मंगलवार को बताया कि जून माह के दौरान विभिन्न ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। रेलवे का उद्देश्य छुट्टियों के मौसम में यात्रियों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करना और यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाना है।

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 20473/20474 दिल्ली सराय-उदयपुर सिटी-दिल्ली सराय रेलसेवा में दिल्ली सराय से एक जून से 30 जून तक तथा उदयपुर सिटी से दो जून से एक जुलाई तक एक थर्ड एसी और एक शयनयान श्रेणी डिब्बे की अस्थायी बढ़ोतरी की जाएगी। इससे लंबी दूरी के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 19617/19618 मदार-रेवाड़ी-मदार, 19620/19619 व 19622/19621 रेवाड़ी-फुलेरा-रेवाड़ी, 59632/59631 रेवाड़ी-हिसार-रेवाड़ी तथा 09635/09636 जयपुर-रेवाड़ी-जयपुर रेलसेवाओं में एक जून से 30 जून तक पांच-पांच अतिरिक्त द्वितीय साधारण श्रेणी डिब्बे लगाए जाएंगे। इन ट्रेनों का लाभ बड़ी संख्या में नारनौल और महेंद्रगढ़ क्षेत्र के यात्री उठाते हैं। इसी प्रकार 14795/14796 भिवानी-कालका-भिवानी रेलसेवा में तीन अतिरिक्त साधारण श्रेणी डिब्बे बढ़ाए जाएंगे। वहीं 14705/14706 भिवानी-ढेहर का बालाजी-भिवानी और 14725/14726 भिवानी-मथुरा-भिवानी रेलसेवा में भी तीन-तीन अतिरिक्त डिब्बों की व्यवस्था की गई है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि गर्मियों की छुट्टियों के दौरान यात्रियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी होती है। ऐसे में अतिरिक्त डिब्बों की व्यवस्था से भीड़ कम होगी और यात्रियों को सीट मिलने में सुविधा होगी। स्थानीय यात्रियों को उम्मीद है कि इस निर्णय से सफर अधिक आरामदायक और सुरक्षित बन सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला