नारनाैल: सड़क हादसे में मारे गए तीनों युवकों का हुआ अंतिम संस्कार

 


पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार सुबह दी गई अंतिम विदाई, शहर में पसरा शोक

नारनाैल, 31 जुलाई (हि.स.)। रोहतक के खैरड़ी मोड़ के पास हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले नारनौल की रामकरण दास कॉलोनी निवासी मनीष जैन, उनके छोटे भाई मनोज जैन तथा सिरोही बहाली के जालपोड़ा की ढाणी निवासी संदीप का शुक्रवार सुबह अंतिम संस्कार कर दिया गया। तीनों के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में परिजन, रिश्तेदार, मित्र और शहरवासी पहुंचे। नम आंखों से सभी ने उन्हें अंतिम विदाई दी। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने और शव गुरुवार देर शाम नारनौल पहुंचने के कारण उसी दिन अंतिम संस्कार नहीं हो सका। इसके चलते तीनों के शव रातभर नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए। शुक्रवार सुबह परिजनों ने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार की रस्में पूरी की। मनीष जैन और मनोज जैन राजस्थान के नीमकाथाना क्षेत्र में क्रशर का कारोबार करते थे। दोनों भाई कारोबारी कार्य से जालंधर गए हुए थे और गुरुवार सुबह कार से नारनौल लौट रहे थे।

रास्ते में रोहतक के खैरड़ी मोड़ के पास आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे चल रही टाटा पंच कार अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। अंतिम संस्कार के दौरान हर आंख नम थी और क्षेत्र के लोगों ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला