नारनाैल में पुलिस लाइन पास दो दुकानों में हुई चोरी

 


थानों से चंद कदम दूर वारदात, नकदी लेकर फरार हुए चोर, दुकानदारों में रोष

नारनाैल, 20 जून (हि.स.)। नारनाैल में चोरों ने पुलिस व्यवस्था को चुनौती देते हुए पुलिस लाइन के मुख्य गेट के पास स्थित दो दुकानों को निशाना बना लिया। हैरानी की बात यह है कि जहां चोरी की यह घटना हुई, वहां से पुलिस लाइन, महिला थाना और शहर थाना महज कुछ ही दूरी पर स्थित हैं। शनिवार सुबह घटना का पता चलते ही क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, महाराणा प्रताप नगर निवासी कृष्ण कुमार सैनी की पुलिस लाइन गेट के पास चाय व जूस की दुकान है। शनिवार सुबह उन्हें किसी परिचित का फोन आया कि उनकी दुकान का शटर खुला हुआ है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे तो दुकान का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो गल्ले और मंदिर में रखी नकदी गायब थी।

कृष्ण कुमार ने बताया कि चोर दुकान से करीब पांच से छह हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। राहत की बात यह रही कि दुकान में रखा अन्य सामान सुरक्षित मिला। चोरों ने केवल नकदी को ही निशाना बनाया। इसी क्षेत्र में दूसरी चाय की दुकान चलाने वाले सराय ढुसरान निवासी अशोक कुमार भी चोरी का शिकार बने। उन्होंने बताया कि रात के समय अज्ञात चोर उनकी दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और गल्ले में रखे करीब 1700 रुपये निकालकर ले गए।

सुबह चोरी की जानकारी मिलने पर दोनों दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला