नारनाैल के गांव जड़वा में पूर्व सैनिक के घर चोरी
सोने के जेवरात, चार एटीएम कार्ड और 20 हजार रुपए नकद ले गए चोर
नारनाैल, 21 सितंबर (हि.स.)। जिले के जड़वा गांव में रविवार रात को चोरों ने एक पूर्व सैनिक के घर को निशाना बनाते हुए सोने के जेवरात, चार एटीएम कार्ड और 20 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार ने डायल-112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने पूर्व सैनिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पूर्व सैनिक सुरेश सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि देर रात परिवार की सदस्य पूनम छत से कपड़े उतारने के लिए गई थी। कपड़े लेकर नीचे आने पर उसने घर के एक कमरे का गेट खुला हुआ देखा। उसे कुछ संदेह हुआ तो उसने परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया। इसके बाद परिवार के लोगों ने घर की जांच की तो दो कमरे खुले मिले। कमरों के अंदर सामान बिखरा हुआ था और अलमारी व बक्से भी खुले पड़े थे।
परिवार के सदस्यों ने घर से सामान गायब होने की जांच की तो सोने के जेवरात, चार एटीएम कार्ड और करीब 20 हजार रुपये की नकदी चोरी होने का पता चला। इसके बाद तुरंत डायल-112 पर सूचना दी गई। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम और सतनाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घर में खुले कमरों, अलमारी तथा बक्सों की तस्वीरें लीं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सतनाली थाने में चोरी का केस दर्ज कर लिया है। घटना के बाद पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। टीम चोरी हुए सामान की बरामदगी के प्रयास भी कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला