नारनौल में रेहड़ी पर मिला युवक का शव

 


महावीर चौक के पास संदिग्ध हालात में मिला शव, कनीना निवासी राजू के रूप में हुई पहचान

नारनाैल, 26 अप्रैल (हि.स.)। नारनौल के रेवाड़ी रोड स्थित महावीर चौक के पास रविवार को एक रेहड़ी पर युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव का आधा हिस्सा रेहड़ी से नीचे लटका हुआ था, जिसे देखकर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

सूचना मिलते ही महावीर चौक पुलिस चौकी प्रभारी पंकज कुमार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की और प्रारंभिक जांच की। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान मृतक की पहचान कनीना क्षेत्र निवासी राजू के रूप में हुई। पहचान की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों से संपर्क कर उन्हें घटना की जानकारी दी। परिवार के सदस्यों के पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू की गई।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े किसी भी सुराग तक पहुंचा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला