कनीना को 6.75 करोड़ की सौगात, बनेगा छह-बे वाला आधुनिक बस स्टैंड

 


455 दिनों में पूरा होगा निर्माण, ई-टेंडर जारी; यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक और सुरक्षित सुविधाएं

नारनाैल, 07 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने कनीना में छह करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से छह-बे वाले अत्याधुनिक बस स्टैंड के निर्माण को मंजूरी दे दी है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने शुक्रवार को बताया कि लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़क) द्वारा परियोजना के निर्माण के लिए ई-टेंडर जारी कर दिए गए हैं। सरकार ने निर्माण कार्य 455 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को आधुनिक, सुरक्षित और बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। कनीना का मौजूदा बस स्टैंड बढ़ती आबादी और यात्रियों की संख्या के मुकाबले अब पर्याप्त नहीं रह गया था। ऐसे में नए बस स्टैंड के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि वर्तमान बस स्टैंड की आधारशिला 22 दिसंबर 1974 को रखी गई थी, जबकि इसका उद्घाटन चार जून 1983 को हुआ था। पिछले पांच दशकों में क्षेत्र में आबादी, व्यापारिक गतिविधियों और यात्री संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसी आवश्यकता को देखते हुए नई परियोजना को मंजूरी दी गई है।

आरती सिंह राव ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष इस परियोजना को प्रमुखता से रखा गया था। नया छह-बे हाईटेक बस स्टैंड बनने से दिल्ली, जयपुर, चंडीगढ़, रेवाड़ी, नारनौल, चरखी दादरी, झज्जर और कोसली सहित विभिन्न मार्गों पर यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।

प्रस्तावित बस स्टैंड में विशाल प्रतीक्षालय, कंप्यूटरीकृत टिकट काउंटर, शुद्ध पेयजल, महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग आधुनिक शौचालय, दिव्यांगजनों के लिए सुगम सुविधाएं तथा बसों के सुव्यवस्थित संचालन के लिए पार्किंग की व्यवस्था विकसित की जाएगी। इससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक परिवहन सेवाएं उपलब्ध होंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला