नारनौल में ग्रामीणों ने जैलाफ स्कूल पर जड़ा ताला
नारनाैल, 23 फ़रवरी (हि.स.)। नारनौल के गांव जैलाफ स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पर ग्रामीणों ने सोमवार को ताला जड़ दिया। ताला लगाने के बाद ग्रामीण स्कूल के बाहर धरने पर बैठ गए। ताला लगाने की सूचना मिलते ही खंड शिक्षा अधिकारी पवन भारद्वाज मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर स्कूल का ताला खुलवाया।
ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में कार्यरत पीजीटी केमिस्ट्री प्रवक्ता गुटबाजी करता है। उसके व्यवहार और गैर-शैक्षणिक गतिविधियों में संलिप्तता से स्कूल का माहौल प्रभावित हो रहा है। इस विद्यालय में चिंडालिया, जैलाफ, खोड़मा, जाखनी और हमीदपुर सहित आसपास के कई गांवों के बच्चे पढ़ने आते हैं, इसलिए स्कूल के माहौल को लेकर वे चिंतित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहले भी इस मामले में जिला उपायुक्त, विधायक और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर शिकायत की थी, लेकिन अब तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई। पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार सरपंच अमर सिंह द्वारा विधायक ओमप्रकाश यादव को भेजे गए पत्र में भी प्रवक्ता के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए तत्काल प्रभाव से डेपुटेशन या ट्रांसफर करने की मांग की गई है। पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार चार फरवरी को जिला शिक्षा अधिकारी और ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को भी शिकायत भेजी गई थी। इसके बाद सात फरवरी को पंचायत विभाग की जांच टीम स्कूल पहुंची, जहां एक महिला शिक्षिका ने भी व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर संबंधित प्रवक्ता के व्यवहार को लेकर शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों का आरोप है कि इस तरह की घटनाओं से स्कूल की गरिमा को ठेस पहुंच रही है और बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ रहा है।
बीईओ पवन भारद्वाज ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन के बाद ग्रामीणों द्वारा स्कूल का ताला खोल दिया गया। साथ ही ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे दोबारा से स्कूल पर ताला लगा देंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला