नारनौल में हिट एंड रन: एनएच-11 पर बाइक सवार युवक की मौत

 

नारनाैल, 01 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के महेंद्रगढ़ ज़िले के नारनौल में नेशनल हाईवे नंबर 11 पर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव बजाड निवासी नवनीत कुमार के रूप में हुई है। रविवार को पुलिस ने मृतक का नागरिक अस्पताल से पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया।

अटेली थाना के गांव बजाड निवासी राकेश कुमार ने थाना सदर नारनौल में दी शिकायत में बताया कि उसका भतीजा नवनीत कुमार बीती रात अपनी बाइक पर सवार होकर अपने दोस्त से मिलने पटीकरा जा रहा था। जब वह एनएच 11 पर गांव सराय बहादुर नगर के पास पहुंचा तो तेज गति और लापरवाही से चलाए जा रहे किसी वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल नवनीत को तुरंत सरकारी अस्पताल नारनौल ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला