नारनौलः सड़क हादसे में सब्जी विक्रेता की मौत

 

घर लौटते समय देर रात हादसा, पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच

नारनाैल, 06 अप्रैल (हि.स.)। महेंद्रगढ़ में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब युवक रोज की तरह अपना काम खत्म कर घर लौट रहा था। अज्ञात वाहन की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान नारनौल के गांव नूनी अव्वल निवासी 37 वर्षीय बंटी के रूप में हुई है। वह महेंद्रगढ़ शहर में कैंटीन के पास सब्जी की रेहड़ी लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। रविवार रात भी वह रोजाना की तरह काम खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहा था।

मृतक के पिता रामअवतार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जब बंटी गुलावला बस अड्डे से पहले शनि मंदिर के पास पहुंचाए तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बंटी सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सदर थाना पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला