नारनौल : सड़क हादसे के विरोध में ग्रामीणों ने लगाया जाम
स्कूटी सवार गंभीर घायल, पुलिस पर लापरवाही के आरोप
नारनाैल, 19 मार्च (हि.स.)। नारनौल क्षेत्र में गांव घाटाशेर के पास नेशनल हाईवे 148बी पर बुधवार रात एक सड़क हादसे के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं,इसके बावजूद पुलिस और प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार रात एक बोलेरो गाड़ी लॉजिस्टिक हब की ओर जा रही थी। इसी दौरान उसने स्कूटी सवार हरिराम को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हरिराम सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को उठाकर नारनौल के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया और पुलिस के खिलाफ नारे लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर न तो पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था है और न ही यातायात नियंत्रण के लिए कोई ठोस कदम उठाए जा रहे हैं, जिसके कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। सूचना मिलने के बाद सदर थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला