नारनाैल में रिटायर्ड बीएसएफ कर्मचारी से 2.29 लाख की ठगी
नारनाैल, 01 नवंबर (हि.स.)। गूगल पर अस्पताल का संपर्क नंबर सर्च करना और व्हाट्सऐप पर आई एपीके फाइल डाउनलोड करना एक रिटायर्ड बीएसएफ कर्मचारी को महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने अस्पताल में अपॉइंटमेंट दिलाने के नाम पर तीन दिन में 11 ट्रांजेक्शन कर उनके बैंक खाते से दाे लाख 29 हजार 986 रुपये निकाल लिए। फोन-पे पर बैलेंस चेक करने के दौरान पीड़ित को ठगी का पता चला। रविवार काे शिकायत पर साइबर थाना नारनौल में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि गांव मान्डोला निवासी सुभाष चंद वर्तमान में जय कॉलोनी महेंद्रगढ़ में रहते हैं। वह बीएसएफ से रिटायर्ड हैं और महेंद्रगढ़ में गर्ल्स पीजी चलाते हैं। शिकायत के अनुसार, उन्होंने गूगल पर डॉ. वत्स रेवाड़ी के नाम से सर्च किया था। इस दौरान उन्हें अस्पताल से संबंधित एक मोबाइल नंबर मिला। उस नंबर पर संपर्क करने के बाद उनके व्हाट्सऐप पर अपॉइंटमेंट के लिए एक एपीके फाइल भेजी गई। शिकायतकर्ता ने फाइल में अपनी निजी जानकारी भर दी, लेकिन इसके बाद कोई जवाब नहीं मिला।
28 अक्टूबर को फोन-पे पर बैलेंस चेक करने पर खाते में रकम कम मिली। जांच में पता चला कि पंजाब नेशनल बैंक के खाते से 26 अक्टूबर को चार ट्रांजैक्शन में 99 हजार नाै साै 98 रुपये, 27 अक्टूबर को तीन ट्रांजैक्शन में 30 हजार रुपये और 28 अक्टूबर को चार ट्रांजैक्शन में 99 हजार नाै साै 88 रुपये निकाले गए। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर थाना पंचकूला से ई-जीरो एफआईआर साइबर क्राइम थाना नारनौल को प्राप्त हुई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला