नारनौल में राजस्थान की 21 वर्षीय युवती लापता

 

नारनाैल, 17 मार्च (हि.स.)। नारनौल शहर में एक 21 वर्षीय युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है। युवती के परिजनों ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत देकर उसकी तलाश की गुहार लगाई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती का परिवार मूल रूप से राजस्थान के अलवर जिले का रहने वाला है। परिवार पिछले कुछ वर्षों से नारनौल की शिव कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा है। युवती के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी 21 वर्षीय बेटी बीती रात घर से अचानक लापता हो गई।

परिजनों के अनुसार सोमवार रात को युवती घर पर ही मौजूद थी, लेकिन कुछ देर बाद जब परिवार के सदस्यों ने उसे देखा तो वह नहीं मिली। काफी देर तक आसपास और परिचितों के यहां तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ युवती के मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास कर रही है। वहीं, संभावित स्थानों पर भी तलाश अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही युवती का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, परिजनों ने प्रशासन से बेटी को जल्द से जल्द सुरक्षित ढूंढने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला