नारनौल: यात्रियों के लिए रेलवे ने शुरू की स्पेशल ट्रेन

 


अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दो-दो फेरे निर्धारित किए, 14 डिब्बों की होगी अनारक्षित ट्रेन

नारनाैल, 01 अक्टूबर (हि.स.)। रेलवे ने अतिरिक्त यात्री भीड़ को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली-रींगस-दिल्ली के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।

इस स्पेशल ट्रेन का ठहराव नारनौल रेलवे स्टेशन पर भी रहेगा। इससे नारनौल और आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली तथा रींगस की ओर आने-जाने के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिल सकेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने गुरुवार को बताया कि गाड़ी संख्या 04415 दिल्ली-रींगस अनारक्षित स्पेशल एक और दो अक्टूबर को दो फेरे लगाएगी। यह ट्रेन दिल्ली से शाम 6:50 बजे रवाना होकर रात 12:40 बजे रींगस पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 04416 रींगस-दिल्ली अनारक्षित स्पेशल दो और तीन अक्टूबर को दो फेरे लगाएगी। यह ट्रेन रींगस से रात दाे बजे रवाना होकर सुबह सात बजे दिल्ली पहुंचेगी।

रेलवे के अनुसार दिल्ली से रींगस और वापसी के दौरान ट्रेन का ठहराव दिल्ली सराय रोहिल्ला, दिल्ली कैंट, गुरुग्राम, पटौदी रोड, रेवाड़ी, नारनौल और नीमकाथाना रेलवे स्टेशनों पर रहेगा। इससे इन स्टेशनों और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होगा।

रेलवे ने बताया कि स्पेशल ट्रेन पूरी तरह अनारक्षित होगी। यात्रियों को इसमें सामान्य श्रेणी में यात्रा करने की सुविधा मिलेगी।

ट्रेन में कुल 14 डिब्बे होंगे, जिनमें 12 साधारण श्रेणी के कोच और दो गार्ड डिब्बे शामिल हैं। इस ट्रेन के नारनौल स्टेशन पर ठहराव होने से क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली और रींगस की ओर आवागमन में सुविधा मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला