नारनौलः रेलवे ने दिल्ली-सीकर ट्रेन में लगाए अतिरिक्त कोच

 


गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों को मिलेगी कन्फर्म सीट की सुविधा

नारनाैल, 30 मई (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे ने गर्मी की छुट्टियों के दौरान बढ़ती रेल यात्री संख्या को देखते हुए महेंद्रगढ़ के रास्ते चलने वाली दिल्ली सराय रोहिल्ला-सीकर-दिल्ली सराय रोहिल्ला रेलसेवा में अस्थायी रूप से अतिरिक्त डिब्बे लगाने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन का महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन पर ठहराव होने के कारण जिले के हजारों यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने शनिवार को बताया कि गाड़ी संख्या 14714/14713 दिल्ली सराय रोहिल्ला-सीकर-दिल्ली सराय रोहिल्ला रेलसेवा में तीन जून से तीन जुलाई तक अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की बढ़ती मांग और छुट्टियों के दौरान होने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है।

रेलवे के अनुसार ट्रेन में एक थर्ड एसी, एक द्वितीय शयनयान (स्लीपर) तथा एक सामान्य श्रेणी का अतिरिक्त डिब्बा जोड़ा जाएगा। इससे यात्रियों के लिए सीटों की उपलब्धता बढ़ेगी और वेटिंग टिकट वाले यात्रियों को भी राहत मिलने की संभावना है। अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के बीच यात्रा करने वाले लोगों की संख्या इन दिनों लगातार बढ़ रही है, जिसके चलते कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग देखने को मिल रही है।

महेंद्रगढ़, नारनौल और आसपास के क्षेत्रों के लोग बड़ी संख्या में इस रेलसेवा का उपयोग करते हैं। दिल्ली में नौकरी करने वाले कर्मचारी, विद्यार्थी, व्यवसायी तथा राजस्थान की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन महत्वपूर्ण मानी जाती है। अतिरिक्त डिब्बे जुड़ने से यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी और भीड़भाड़ की समस्या में भी कमी आएगी। रेलवे के इस निर्णय को महेंद्रगढ़ क्षेत्र के यात्रियों के लिए राहतभरा कदम माना जा रहा है, जिससे गर्मी की छुट्टियों में सफर करना पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला