नारनौल : हेराफेरी मामले में कुतबापुर सरपंच को मंत्री ने किया सस्पेंड
‘नो कॉम्प्रोमाइज’ संदेश के साथ कार्रवाई, स्ट्रीट लाइट, पानी, सीवर और राशन पर त्वरित निर्देश
नारनाैल, 31 मार्च (हि.स.)। सहकारिता, जेल एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार काे जन परिवेदना समिति की मासिक बैठक हुई। इसमें सरकारी धन की हेराफेरी का मामला सामने आते ही मंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए कुतबापुर की सरपंच को निलंबित करने के आदेश दे दिए। उन्होंने साफ कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में सरकार की नीति ‘नो कॉम्प्रोमाइज’ है और दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा।
बैठक में पूर्व निर्धारित 17 मामलों की सुनवाई की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसेवा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर निपटान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर काम करते हुए अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्राम पंचायत पाली में खराब स्ट्रीट लाइटों के मामले में मंत्री ने डीडीपीओ को निर्देश दिए कि पूरे जिले में 10 दिनों के भीतर सभी लाइटों की मरम्मत कराई जाए और भविष्य में रखरखाव संबंधित कंपनी से ही कराया जाए। पृथ्वीपुरा के एक निवासी के राशन कार्ड कटने के मामले में अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी त्रुटि सुधार के बाद कार्ड बहाल कर दिया गया हैए जिस पर मंत्री ने एडीसी को ऐसे मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए।
शहर के मोहल्ला रावका में पेयजल समस्या के समाधान के लिए नई डीआई पाइपलाइन का प्रस्ताव भेजा गया हैए जबकि नांगतिहाड़ी में जर्जर बिजली पोल बदल दिए गए हैं। बड़कोदा में सीवर लाइन की समस्या का समाधान कर गंदे पानी की निकासी सुनिश्चित की गई है। मंत्री ने विकास कार्यों की गुणवत्ता जांच ग्रामीणों की मौजूदगी में कराने के निर्देश भी दिए। नगर परिषद क्षेत्र में सड़कों की मरम्मत और सार्वजनिक शौचालयों की साफ.सफाई के लिए वर्क ऑर्डर जारी कर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में विधायक ओमप्रकाश यादव, बीजेपी के जिला अध्यक्ष डॉ यतेंद्र राव तथा नगर परिषद की चेयरपर्सन कमलेश सैनी आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला