नारनौलः 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले, बदला देश का विकास परिदृश्यः धर्मबीर
जनप्रतिनिधियों संग संवाद, केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का रखा ब्यौरा
नारनाैल, 13 जून (हि.स.)। लोकसभा सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि देश के करीब 25 करोड़ नागरिक बहुआयामी गरीबी से बाहर आए हैं, जिससे गरीबी दर 29.17 प्रतिशत से घटकर 11.28 प्रतिशत रह गई है। साथ ही महंगाई दर भी पिछले दशक के 8.1 प्रतिशत से कम होकर 5.1 प्रतिशत पर पहुंच गई है, जो आम लोगों के लिए बड़ी राहत है।
सांसद शनिवार को रेस्ट हाउस में बिजली, पानी और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर अधिकारियों की बैठक के बाद विभिन्न गांवों से आए जनप्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान विधायक ओमप्रकाश यादव भी उपस्थित रहे। चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि मई 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुशासन का जो संकल्प लिया था, उसका परिणाम आज देश के सामने है। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत नल से जल की सुविधा 3.23 करोड़ घरों से बढ़कर 15.85 करोड़ घरों तक पहुंच चुकी है तथा 2.77 लाख गांवों में शत-प्रतिशत जल कनेक्शन दिए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि सौभाग्य योजना के माध्यम से देश में पूर्ण घरेलू विद्युतीकरण सुनिश्चित हुआ है, जबकि उज्ज्वला योजना के तहत 10.57 करोड़ महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन मिले हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया, यूपीआई क्रांति और चंद्रयान-3 जैसी उपलब्धियों ने विश्व मंच पर भारत की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। इस मौके पर विधायक ओमप्रकाश यादव व भाजपा के जिला अध्यक्ष डॉ यतेंद्र राव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला