नारनौलः महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के लिए कांग्रेस प्रतिबद्धः राव नरेंद्र सिंह

 


महिला आरक्षण बिल पर भाजपा पर साधा निशाना, स्वास्थ्य सेवाओं और पार्टी के भीतर खींचतान को लेकर भी उठाए सवाल

नारनाैल, 19 अप्रैल (हि.स.)। नारनौल में रविवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने महिलाओं के अधिकारों को लेकर अपनी पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से महिलाओं के हितों के लिए काम करती आई है और आगे भी उन्हें समान अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोगों के सामने यह गलत धारणा बना रहे हैं कि कांग्रेस महिला आरक्षण बिल का विरोध कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस का विरोध बिल से नहीं, बल्कि उसके साथ लाए जा रहे अन्य प्रावधानों से था। उनका आरोप था कि भाजपा इस बिल की आड़ में अन्य एजेंडा लागू करना चाहती थी, जिसकी मंशा सही नहीं थी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पहले भी चुनावों में महिलाओं को टिकट देती रही है और भविष्य में भी यह परंपरा जारी रहेगी।

हरियाणा के पिछले विधानसभा चुनावों और नगर निकाय चुनावों में भी महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया गया था। महिला आरक्षण बिल पर उन्होंने कहा कि यदि सरकार इसे लाना चाहती है तो पारदर्शी और सही तरीके से लाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार 2011 की जनगणना के आधार पर अन्य प्रावधान जोड़कर बिल लाना चाह रही थी, जिसका विरोध हुआ। उनका कहना था कि यदि वर्तमान जनगणना के अनुसार लोकसभा सीटों के आधार पर बिल लाया जाए तो इसका कोई विरोध नहीं होगा।

राव नरेंद्र सिंह ने भाजपा के अंदर चल रही खींचतान पर भी तंज कसा और कहा कि पार्टी के नेता खुले मंचों पर एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं, जो उनकी आंतरिक स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर भी चिंता जताई और कहा कि मेडिकल कॉलेज तो बना दिया गया है, लेकिन वहां पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं। इस मौके पर कांग्रेस के जिला प्रधान सत्यवीर यादव झुकिया, महिला जिला प्रधान डॉ राजवती यादव, विनोद सरपंच, कुलदीप भरगड़, मेनपाल पटीकरा और मंजीत यादव मांदी सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला